मध्यप्रदेश में प्राथमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा वर्ग-3 रद्द हो सकती है। परीक्षा से 10 लाख कैंडिडेट्स का भविष्य दांव पर लगा है। एग्जाम के पर्चे का स्क्रीनशॉट सिंधिया समर्थक कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के कॉलेज (सागर) में बनाए गए एग्जाम सेंटर से लीक हुआ था। मध्यप्रदेश एजेंसी फॉर प्रमोशन ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (MAPIT) ने जांच कर बता दिया कि वायरल स्क्रीनशॉट सही है। उसने डिटेल प्रारंभिक रिपोर्ट में लीक करने का तरीका भी बताया। अब प्रोफेशनल एग्जामिनेशन बोर्ड (PEB) को परीक्षा पर फैसला लेना है कि रद्द करें, तो उसका लेवल और तरीका क्या हो? बोर्ड की डायरेक्टर षणमुख प्रिया मिश्रा का कहना है कि जांच रिपोर्ट मिल गई है। जल्द निर्णय करेंगे।
प्रोफेशनल एग्जामिनेशन बोर्ड का एक बार फिर नाम बदल गया है। अब इसका नया नाम कर्मचारी चयन बोर्ड होगा। यह अब सीधे सामान्य प्रशासन विभाग के अधीन काम करेगा। इससे पहले PEB तकनीकी शिक्षा विभाग के तहत काम करता था। पांच साल में संस्थान का यह तीसरा नाम है। व्यवसायिक परीक्षा मंडल यानी व्यापमं का नाम बदलकर 2016 में PEB रखा गया था।