अभिनेत्री पायल रोहतगी और रेसलर संग्राम सिंह दोनों की प्रेम कहानी 12 साल पहले आगरा-मथुरा हाईवे से शुरू हुई थी। जो अब सात फेरे लेकर सात जन्मो के लिए बांधने जा रहे है, फिल्म अभिनेत्री पायल रोहतगी और रेसलर संग्राम सिंह 9 जुलाई को आगरा में शादी करने वाले हैं। शादी की रस्में आगरा के जेपी पैलेस होटल में होंगी। विवाह के लिए पायल और संग्राम सिंह दोनों गुरुवार को आगरा पहुंच गए हैं। शादी से पहले उन्होंने शुक्रवार को 850 साल पुराने राजेश्वर शिव मंदिर में पूजा अर्चना की। इंस्टाग्राम पर इसकी तस्वीरें भी शेयर की। तस्वीरों में पायल ने हैवी एंब्रायडरी मैरून रंग का लहंगा पहना हुआ है, जबकि संग्राम एम्बेलिश्ड क्रीम कुर्ता पहने हुए हैं। उन्होंने लिखा है, “हमारे जीवन की इस खूबसूरत यात्रा की शुरुआत !! आप सभी के आशीर्वाद और शुभकामनाओं की आवश्यकता है।”
पायल रोहतगी और रेसलर संग्राम सिंह दोनों की प्रेम कहानी 12 साल पहले आगरा-मथुरा हाईवे से शुरू हुई थी। हाईवे पर पायल की कार खराब हो गई थी। वहीं से संग्राम सिंह गुजर रहे थे। उन्होंने पायल को अपनी कार से दिल्ली तक लिफ्ट दी थी। इसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं। बाद में दोनों ने आगरा में शादी करने की बात भी कही थी। और अब फाइनली ये आगरा में ये शादी करने जा रहे हैं, पायल का आगरा में शादी को लेकर कहना है, “आगरा में मोहब्बत की निशानी ताजमहल तो है ही, साथ में प्राचीन मंदिर भी हैं। इसके अलावा मथुरा-वृंदावन भी पास में हैं।” वो भारतीय रीति-रिवाज से शादी करना चाहते हैं।
दोनों के राजेश्वर मंदिर आने की सूचना पर फैंस की भीड़ लग गई। प्रशासन की ओर से मंदिर के बाहर पुलिस तैनात की गई थी। लोगों ने दोनों को शादी की बधाई दी और सेल्फी भी ली। पायल और संग्राम सिंह की शादी जेपी पैलेस होटल में होगी। होटल के सूत्रों के अनुसार शादी के लिए होटल में 20 कमरे बुक हैं। शादी में दोनों के परिवार के साथ कुछ खास लोग समेत केवल 50 लोग ही शामिल होंगे।होटल में ही हल्दी और संगीत की रस्म होगी। आगरा का सुधीर बैंड बारात में अपनी धुन बजाएगा। संग्राम सिंह की बारात में भी बांके बिहारी की झांकी होगी, साथ ही चुनिंदा लोग ही बरात में शामिल होंगे। आपको बता दें की रविवार तक सेलिब्रिटी यहां पर ठहरेंगे।